जमशेदपुर : बिरसानगर स्थित बीएड कॉलेज के पास, गेट नंबर-03 के समीप तड़के सुबह लगभग 6:00 बजे अचानक आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकानदारों की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ, क्योंकि बिजली की वायरिंग पुरानी और ढीली पड़ी थी, जिस पर ध्यान नहीं दिया गया. घटना के तुरत बाद आसपास के लोगों ने टाटा मोटर्स के अग्निशमन विभाग को अगलगी की सूचना दी, जिसके बाद पहुंचे दमकल ने आग पर काबू पाया. (नीचे भी पढ़ें)
इससे पूर्व आग की लपटें आसपास की दुकानों तक भी फैलने की आशंका बढ़ रही थी, किन्तु दमकल कर्मियों के समय पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू करने से स्थिति नियंत्रण में आ गई. स्थानीय निवासी संजय महतो ने बताया कि अगर दमकल समय पर नहीं पहुंचता, तो कई दुकानें जलकर खाक हो सकती थीं. वहीं, एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इलाके में बिजली व्यवस्था और वायरिंग की नियमित जांच की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके. सौभाग्य से इस घटना में किसी अन्य दुकान में सामानों का नुकसान नहीं हुआ, हालांकि आसपास की कई दुकानें आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं. पुलिस एवं बिजली विभाग फिलहाल मामले की जांच कर रहे हैं, जबकि स्थानीय लोग दुकानदारों से सुरक्षा मानकों का पालन कराने की मांग कर रहे हैं.











