
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के केबुल टाउन स्थित केबुल क्लब हाउस के पास गोलियां चलायी गयी है. अपराधियों द्वारा वहां फायरिंग की गयी है. इसमें एक व्यक्ति को गोली लगने की खबर मिली है. बताया जाता है कि पुलिस ने वहां से खोखा और अपराधियों द्वारा छोड़ी गयी बाइक को बरामद किया है. वह बाइक किसकी है, यह पता लगाया जा रहा है. बताया जाता है कि केबुल क्लब हाउस के पास लड़कों की भीड़ लगी थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वहां लगातार अचानक से गाली गलौज होने लगा और आपस में लड़कों ने फायरिंग कर दी. करीब चार से पांच राउंड गोली चली. गोली चलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. एक व्यक्ति के सिर से खून निकलते हुए प्रत्यक्षदर्शियों ने देखा है. वैसे उसको गोली लगी है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो पायी है. गोली चलने की घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी पुलिस पहुंची, लेकिन सारे लोग वहां से भाग निकले थे. पुलिस ने वहां खड़ी गाड़ियों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू की है. समाचार लिखे जाने तक गोली चलाने और गोली किसको लगी है, उसके बारे में जानकारी नहीं मिल पायी है. वैसे इस कांड में एक युवक नामदा बस्ती गोलमुरी का रहने वाला कुणाल सिंह का नाम सामने आया है, जिसकी पुष्टि नहीं हो पायी है.





