
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने बुधवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण में हो रहे विलंब पर अपनी चिंता जताई और उन्हें इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपकर इसके निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने को कहा. उल्लेखनीय है कि सांसद श्री महतो ने विगत लोकसभा सत्र के दौरान केंद्रीय मंत्री से मिलकर इस एयरपोर्ट का निर्माण यथाशीघ्र कराने का मांग किया था. इतना ही नहीं सांसद श्री महतो ने विगत 1 दिसंबर को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान भी इस मामले को उठाया था. सांसद श्री महतो के लोकसभा में इस मामले को उठाने के पश्चात केंद्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री जनरल ( डॉ ) वीके सिंह ने सांसद श्री महतो को पत्र लिखकर सूचित किया कि एयरपोर्ट ऑथॉरिटी ऑफ इंडिया एटीआर-72 प्रकार के विमान के परिचालन हेतु 99.36 करोड़ की लागत से धालभूमगढ़ हवाई अड्डे का विकास कर रहा है. इस संबंध में केंद्र ने नागर विमानन विभाग, झारखंड सरकार को यह सलाह दी थी कि वह मुख्य वन्य वार्डन के साथ समन्वय हेतु एक फॉरेस्ट क्लीयरेंस कंसल्टेंट की नियुक्ति करें. तदनुसार परियोजना की मंजूरी हेतु पर्यावरण मूल्यांकन समिति को उपयुक्त प्रस्ताव प्रस्तुत कराया जा सके. अपने पत्र में श्री सिंह ने यह भी लिखा है कि इस संबंध में राज्य के नागर विमानन विभाग एवं वन विभाग के अधिकारियों और विमानपत्तन निदेशक रांची के बीच 6.10.2021 को एक बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें राज्य से फॉरेस्ट क्लीयरेंस संबंधित मुद्दों को हल करने के लिए चर्चा की गई. राज्य से फॉरेस्ट क्लीयरेंस प्राप्त होने पर ही एएआई, पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से पर्यावरण मंजूरी के प्राप्त करने के लिए कार्रवाई करने में सक्षम होगा. केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह ने आगे कहा कि एएआई, राज्य सरकार एवं उनके सलाहकार के साथ पर्यावरण मंजूरी एवं अन्य संबंधित मुद्दों को हल करने का निरंतर प्रयास कर रहा है ताकि परियोजना पर कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके. आज मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने सांसद श्री महतो को कहा कि राज्य से फॉरेस्ट क्लीयरेंस यदि प्राप्त नहीं हो रहा है तो इस मामले में वे सीधे राज्य के मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे. उन्होंने कहा कि वे भी चाहते हैं कि जमशेदपुर में एक अच्छा और बेहतर एयरपोर्ट का निर्माण यथाशीघ्र कराया जाए. इसके लिए वे निजी रूप से रुचि लेकर इस पर कार्य करेंगे. सांसद श्री महतो ने श्री सिंधिया को पुनः एक बार जमशेदपुर आने का आमंत्रण दिया जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया और कहा कि निकट भविष्य में जल्दी जमशेदपुर का कार्यक्रम तय करेंगे. सांसद श्री महतो ने आशा व्यक्त की है कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण से जमशेदपुर ही बल्कि झारखंड, ओड़िशा और बंगाल सहित तीनों राज्यों के लोगों को बड़ी एयर कनेक्टिविटी सुविधा उपलब्ध होगी और इस क्षेत्र का विकास का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा. उनके साथ मुलाकात करने वालों में गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पुरूलिया के सांसद ज्योतिर्मयी सिंह महतो, गोमिया के विधायक लंबोदर महतो शामिल थे.
बोकारो में बनने वाला एयरपोर्ट बिनोद बिहारी महतो के नाम पर बने
सांसद विद्युत वरण महतो ने गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, पुरुलिया के सांसद ज्योतिर्मयी सिंह महतो एवं गोमिया विधानसभा के विधायक लंबोदर महतो के साथ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिराज सिंधिया से मुलाकात की और उन्हें एक पत्र के माध्यम से संयुक्त रूप से आग्रह किया है कि बोकारो स्थित हवाई अड्डे का नामकरण झारखंड आंदोलन के अगुआ पूर्व सांसद एवं बिहार विधानसभा के पूर्व सदस्य विनोद बिहारी महतो के नाम पर किया जाए. पत्र के माध्यम से उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री की उड़ान योजना के तहत झारखंड राज्य के बोकारो हवाई अड्डा का चयन किया गया था, जिसका कार्य भौतिक रूप से पूरा हो चुका है एवं इसका उद्घाटन कभी भी किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का निर्माण में स्वर्गीय विनोद बिहारी महतो की भूमिका अत्यंत अग्रणी एवं महत्वपूर्ण रही है. उन्होंने यह भी कहा कि उनका निधन दिल्ली में हुआ. तत्पश्चात उनके पार्थिव शरीर को सर्वप्रथम बोकारो हवाई अड्डा में लाया गया, जहां लाखों लोगों ने उन्हें अपनी अश्रुपूरित श्रद्धांजलि दी. स्वर्गीय महतो का इस हवाई अड्डे से आत्मिक एवं भावनात्मक लगाव रहा है और झारखंड राज्य की 3.33 करोड़ जनता की प्रबल इच्छा एवं आकांक्षा है कि वह हवाई अड्डा का नामकरण झारखंड आंदोलन के भीष्म पितामह स्वर्गीय विनोद बिहारी महतो के नाम पर “विनोद बिहारी महतो हवाई अड्डा-बोकारो” किया जाए. श्री सिंधिया ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे इस पर गंभीरतापूर्वक विचार करेंगे एवं इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई एवं प्रक्रिया पूरी करेंगे.





