जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती में नशेबाजी का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया. पड़ोसी युवक द्वारा कथित तौर पर बुजुर्ग महिला पर फायरिंग किए जाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई. हालांकि गोली महिला को नहीं लगी और वे बाल-बाल बच गईं. मामले में पीड़ित अमन सिंह ने गोलमुरी थाना में शिकायत दर्ज कराई है. आवेदन के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाला वीर सिंह उर्फ पंडित उसके भाई विक्की सिंह को नशे और गलत संगत की ओर ले जा रहा था. इसे लेकर परिवार लंबे समय से चिंतित था. अमन ने पहले अपने भाई को आरोपी से दूरी बनाने की सलाह दी थी और बाद में वीर सिंह को भी चेतावनी दी थी कि वह विक्की से दूर रहे. आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर मंगलवार की रात वीर सिंह स्कूटर से अमन के घर पहुंचा. (नीचे देखे पूरी खबर)

उस समय अमन की मां राज कौर घर के बाहर बैठी थीं. शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अचानक पिस्तौल निकाली और बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर गोली चला दी. गोली उन्हें नहीं लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. फायरिंग की आवाज सुनकर अमन घर से बाहर निकला तो आरोपी मौके से भागने लगा. आरोप है कि जाते-जाते उसने अमन को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि “जिस दिन मिलेगा, गोली मार दूंगा.” घटना के बाद परिवार भय के साये में जी रहा है और पुलिस से सुरक्षा की मांग की है. इधर, गोलमुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. इस घटना के बाद नामदा बस्ती में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.







