जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बीती रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. महज पांच घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर कुल पांच राउंड गोलियां चलाई गईं. पहली घटना रात करीब 8 बजे नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा के पीछे हुई, जबकि दूसरी घटना देर रात 12:56 बजे राज नामक व्यक्ति के घर के सामने हुई. यहां अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली राज की थार गाड़ी में जा लगी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग भयभीत हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन अपराधी मौके पर पहुंचे और फायरिंग करने के बाद फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

सूत्रों के मुताबिक, इस पूरी वारदात के पीछे जेल में बंद अपराधी बिल्ला पाठक का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है. वहीं अमन शेखर, कुंडी और वीर सिंह पर घटना को अंजाम देने का आरोप लग रहा है. पीड़ित राज ने बताया कि घटना से पहले उनके मोबाइल पर कॉल आया था. कॉल करने वाले ने खुद को कुंडी बताते हुए 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. (नीचे भी पढ़ें)

कॉलर ने कहा कि यदि रकम नहीं दी गई तो उन्हें कन्हैया यादव की तरह “ऊपर पहुंचा दिया जाएगा.” उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले कन्हैया यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें कुंडी का नाम सामने आया था. फिलहाल गोलमुरी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.







