जमशेदपुर : मानगो गांधी मैदान में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण के खिलाफ मानगो नगर निगम के समक्ष चल रहे आंदोलन में आज भाजपा नेता अभय सिंह ने भी शिरकत की. वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अभय सिंह ने कहा कि गांधी मैदान में विगत 1964 से ही दुर्गापूजा होती आ रही है और यह हिंदुओं के लिए आस्था एवं भावना का विषय है, जिसे सरकार की ओर से अल्पसंख्यक समुदाय को खुश करने के लिए कुचलने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने इसे असहनीय एवं घातक बताते हुए कहा कि हिंदुओं की भावनाओं को कुचलनेवाले किसी विकास को हिंदू समाज बर्दाश्त नहीं करेगा. (नीचे भी पढ़ें)
अभय सिंह ने कहा कि हिंदू समाज ऐसे किसी भी विकास कार्य के लिए समझौता करने को तैयार नहीं है. अगर विकास के नाम पर हिंदु भावनाओं से खिलवाड़ होता है तो जमशेदपुर का पूरा हिंदू समाज इसका मुंहतोड़ जवाब देगा. उन्होंने कहा कि अगर दुर्गापूजा समिति की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया तो विवश होकर जमशेदपुर के सारे रामनवमी, दुर्गापूजा, काली पूजा समितियां बैठ कर कड़े एवं मजबूत संघर्ष का निर्णय लिया जायेगा. उन्होंने जिला प्रशासन एवं सरकार से शहर में और कहीं भी स्टेडियम निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा कि गांधी मैदान में मेला लगने एवं पंडाल के स्थान पर स्टेडियम का निर्माण किसी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.



