जमशेदपुर:जमशेदपुर गोल्फ लीग (जेजीएल ) सीजन-9 अपने रोमांचक दौर में पहुंच चुका है. इस वर्ष लीग में 12 टीमों ने भाग लिया, जहां सभी टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला.क्वालिफायर फाइनल में टाइगर नाइट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एपिक वॉरियर्स को लगातार पहले तीन मैच जीतकर 3-0 से हराया और सीधे फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.इस शानदार जीत में टीम के कप्तान सौरभ अग्रवाल, रोहित तिवारी, पुनम जोशी, वरुण सोनी और तरणप्रीत सिंह खनूजा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.(नीचे भी पढ़े)
वहीं एलिमिनेटर मुकाबले में ईगल आई ने बोगी ब्रदर्स को बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में हराकर टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें बरकरार रखीं.अब 4 और 5 जुलाई को ईगल आई और एपिक वॉरियर्स के बीच मुकाबला होगा. इस मैच की विजेता टीम 11 और 12 जुलाई को होने वाले ग्रैंड फाइनल में टाइगर नाइट्स से खिताब के लिए भिड़ेगी.कप्तान सौरभ अग्रवाल के नेतृत्व में टाइगर नाइट्स ने जमशेदपुर गोल्फ लीग के इतिहास में पांचवीं बार फाइनल में प्रवेश कर अपनी मजबूत और सफल टीम होने का एक बार फिर प्रमाण दिया है.शानदार फॉर्म में चल रही टाइगर नाइट्स अब जमशेदपुर गोल्फ लीग सीजन-9 का खिताब जीतकर इतिहास रचने से सिर्फ एक कदम दूर है.







