जमशेदपुर : जमशेदपुर को स्वच्छता रैंकिंग में फाइव स्टार सिटी मिली है जबकि जमशेदपुर को 3 से 10 लाख आबादी वाले शहर की कैटेगोरी में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है. इस कड़ी में जुगसलाई और चाकुलिया को वन स्टार रैंकिंग प्राप्त हुआ है. वाटर प्लस शहरों की सूची में जमशेदपुर को जगह मिली है. जमशेदपुर ने कुल 12,500 अंकों में से शानदार 11,588 अंक प्राप्त किए हैं. पूर्व में हासिल 43वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. यह मान्यता उन सभी नागरिकों और हितधारकों की प्रतिबद्धता को समर्पित है, जिन्होंने इस स्वच्छता मिशन में योगदान दिया. इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण की थीम थी “आरआरआर – रिड्यूस, रीयूज़, रिसाइकल, जिसका मुख्य उद्देश्य स्रोत पर कचरा पृथक्करण और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना था. जमशेदपुर का यह शानदार प्रदर्शन इस थीम के तहत किए गए सामूहिक प्रयासों का परिणाम है. (नीचे भी पढ़ें)
शहरवासियों ने जिम्मेदार और सतत कचरा प्रबंधन के तौर-तरीकों को अपनाया, जैसे गीले कचरे से घर पर कंपोस्ट बनाना, ‘वेस्ट टू वंडर’ पहल के तहत रचनात्मक पुनः उपयोग, जीरो वेस्ट सोसाइटीज में सक्रिय भागीदारी, स्रोत पर पृथक संग्रहण की डोर-टू-डोर व्यवस्था, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटीज (एमआरएफ) के ज़रिए जिम्मेदार निपटान और ई-वेस्ट सेंटरों के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक कचरे का सुरक्षित प्रबंधन शामिल हैह. जमशेदपुर को झारखंड का पहला गार्बेज फ्री सिटी (जीएफसी) भी घोषित किया गया है, जहां पहले इसे 3 स्टार रेटिंग मिली थी, अब इसे 5 स्टार रेटिंग मिली है. इसके साथ ही शहर को झारखंड का पहला वॉटर प्लस सिटी भी घोषित किया गयाहै, जहां शुद्ध किए गए अपशिष्ट जल का उपयोग अब पार्कों, नेचर ट्रेल्स और जल निकायों में किया जा रहा है. टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कारपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदरा रामम ने कहा कि इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मैं जमशेदपुर के सभी नागरिकों को दिल से बधाई देता हूं. यह सम्मान न केवल हमारे सतत प्रयासों का परिणाम है, बल्कि शहरवासियों की जागरूकता और नागरिक जिम्मेदारी का भी प्रमाण है. मुझे पूरा विश्वास है कि हम सभी मिलकर भविष्य में भी स्टील सिटी की स्वच्छ और उत्कृष्ट पहचान को बनाए रखेंगे और नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे.














