
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत लाल भट्टा निवासी उमेश यादव और उनके परिजनों को सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण का विरोध करना महंगा पड़ गया. विरोध के बाद पड़ोसी ने उनपर हमला कर दिया. पड़ोसी ने उनके परिवार को भी मारपीट कर घायल कर दिया. घटना के बाद घायल अवस्था में उमेश अपने परिवार के साथ इलाज कराने एमजीएम अस्पताल पहुंचा. घटना में उमेश के अलावा उसकी पत्नी राजमणि देवी, बेटा पप्पू यादव बेटी पुष्प कुमारी और पूजा कुमारी को चोट आई है. उमेश ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले मुन्ना यादव और प्रदीप यादव सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण कर रहे थे. इसी का विरोध करने पर मुन्ना यादव, प्रदीप यादव, नरेश यादव, रौशन कुमार, कुशल कुमार, सूरज यादव के अलावा अन्य लोग आए. सभी के पास लाठी डंडा के अलावा चाकू भी था. सभी ने उनके परिवार पर हमला कर दिया. उनके घर के बाहर खड़ी ऑटो में भी तोड़फोड़ की. फिलहाल एमजीएम अस्पताल में सभी का इलाज चल रहा है.













