जमशेदपुर : जमशेदपुर के बारीडीह गुरुद्वारा के बुनियादी ढांचे और बाहरी स्वरूप को बेहतर बनाने की दिशा में प्रबंधन कमेटी ने पहल की है. रविवार को सुबह 11:30 बजे गुरुद्वारा के सामने वाले हिस्से के नवीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ नींव पत्थर रखकर किया गया. इस परियोजना पर 30 लाख रुपये से अधिक खर्च किए जाने की योजना है. प्रबंधन कमेटी ने करीब एक वर्ष में निर्माण एवं नवीकरण का काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. (नीचे भी पढ़ें)

गुरुद्वारा के प्रधान अवतार सिंह सोखी ने बताया कि प्रस्तावित योजना के तहत सामने के हिस्से को नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा. इससे गुरुद्वारा की सुंदरता के साथ-साथ परिसर की व्यवस्था में भी सुधार होगा. कमेटी की ओर से गुरुद्वारा में सुविधाएं बढ़ाने के लिए पहले भी प्रयास किए गए हैं. इसी क्रम में कुछ दिन पूर्व यहां दो-दो टन क्षमता वाले पांच एसी लगाए गए हैं. अब नवीकरण कार्य के पूरा होने से गुरुद्वारा परिसर को नया स्वरूप मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)
नींव पत्थर रखने के मौके पर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के चेयरमैन गुरमीत सिंह तोते, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला, सुखविंदर सिंह राजू, बलकार सिंह, कलमजीत सिंह और कमलजीत कौर गिल समेत सिख समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.












