
जमशेदपुरः झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गु्प्ता ने जिला वासियों के लिए शनिवार को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में तीन नई सुविधाओं की शुरुआत की. शनिवार को मंत्री बन्ना गुप्ता सबसे पहले सुबह 10.30 बजे धातकीडीह में अटल क्लीनिक का उद्घाटन किया. साथ ही 11 बजे साकची जेल चौक स्थित जिला कुष्ठ निवारण विभाग के कार्यालय में कोल्हान स्तरीय वैक्सीन सेंटर और दोपहर 12 बजे सदर अस्पताल में डायलिसिस सेंटर व श्रद्धांजलि पार्क का शुभारंभ किया. दोपहर दो बजे घाटशिला में मॉडल कोविड केयर क्लीनिक का भी उद्घाटन किया.सिविल सर्जन डॉ एके लाल की पहल पर उनके कार्यालय परिसर में श्रद्धांजलि पार्क का निर्माण किया गया है. कोरोना काल में कई चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों की सेवा करते हुए जान गंवा दी. ऐसे लोगों की याद में इस पार्क का निर्माण किया गया है.यहां कोरोना योद्धाओं के नाम पर पौधे लगाए गए हैं.

अभी पार्क में जिले के सात लोगों के नाम पर पौधे लगाए गए हैं.सदर अस्पताल में फिलहाल तीन बेड का डायलिसिस सेंटर खुला है. इससे किडनी मरीजों को काफी राहत मिलेगी. यहां मरीजों को नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा मिलेगी. अब तक जिले के गरीब मरीजों को डायलिसिस के लिए औसतन 1200 रुपए खर्च करने पड़ते थे. यह सेंटर जिला स्वास्थ्य विभाग की बड़ी उपलब्धियों में से एक है. सांसद व स्थानीय विधायकों ने इस सेंटर निर्माण में अपने फंड से सहयोग किया.




