
जमशेदपुर : जमशेदपुर के हिंदू उत्सव समिति ने जमशेदपुर के कदमा स्थित मंगल सिंह क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित की गई. मंगलवार को आयोजित इस वार्ता में बताया गया कि एक बैठक आहूत की गई थी. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 14 जनवरी दिन शुक्रवार को संगम महोत्सव के आयोजन पर अंतिम निर्णय लेना था. जमशेदपुर शहर में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को ध्यान में रखते हुए इस आयोजन को सर्वसम्मति से तत्काल स्थगित कर दिया गया है. स्थिति बेहतर होने पर पुनः विचार कर किसी अन्य पुण्य तिथि का चयन कर समाज में सूचित किया जाएगा. इसी बैठक में मकर संक्रांति के दिन समिति ने कुछ और आयोजन पर विचार किया जिसका स्वरूप छोटा होगा और कोरोना संक्रमण से संबंधित सभी नियमों के दायरे में किया जाएगा. इस पर समिति ने उस दिन छोटे स्वरूप में नदी पूजन एवं जरूरतमंदो के बीच सामग्री वितरण का निर्णय लिया है. प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से हिन्दू उत्सव समिति के संरक्षक शंकर रेड्डी, मुन्ना सिंह,अध्यक्ष अधिवक्ता रवि प्रकाश, प्रवक्ता सुखदेव सिंह व रविशंकर पांडेय,अभिमन्यु सिंह उपस्थित थे. प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता रविप्रकाश ने बताया कि समिति द्वारा सोनारी स्थित दोमुहानी घाट पर तय कार्यक्रम संगम महोत्सव की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं. कार्यक्रम में हरिद्वार से अतिथि के रूप में पधारने वाले स्वामी चिन्मयानंद जी महाराज का व बनारस से आने वाले सात पांडा का जमशेदपुर आने के लिए टिकट भी हो चुका था. समिति के सैकड़ो कार्यकर्ता दिन रात एक करके महोत्सव को सफल बनाने में लगे हुए थे लेकिन शहर में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे है और चूंकि हिन्दू उत्सव समिति एक सामाजिक संगठन है. अतः अपने सामाजिक दायित्व को निभाते हुए तत्काल कोर कमिटी के एक आपातकालीन बैठक कर यह निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम को स्थिति सामान्य होने तक स्थगित कर दिया जाए, कोरोना की स्थिति पूर्णतः ठीक होने पर संगम महोत्सव को धूमधाम से किया जाएगा. प्रेस वार्ता में उपस्थित समिति के प्रवक्ता सुखदेव सिंह ने बताया कि हिन्दू उत्सव समिति द्वारा शहरवासियों के लिए संगम महोत्सव एक अनोखा धार्मिक व वैदिक कार्यक्रम था, जो फिलहाल के लिए टाल दिया गया है. लेकिन उक्त कार्यक्रम स्थल पर छोटा सांकेतिक कार्यक्रम किया जाएगा जिसमे नदी का पूजन होगा. शीघ्र ही कार्यक्रम की आगामी तिथि बताई जाएगी.











