
जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत मानगो, जुगसलाई समेत अन्य इलाकों में होल्डिंग टैक्स और सैरात बाजार के टैक्स पर लगायी गयी रोक के आदेश पर विधायक सरयू राय ने सवाल उठाये है. उन्होंने इस मामले में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सह मंत्री बन्ना गुप्ता की घोषणा पर सवाल उठाये है. सरयू राय ने अपने ट्विटर हैंडल से जानकारी दी है कि कुछ सरकारी लोग भ्रम फैला रहे हैं कि होल्डिंग टैक्स में वृद्धि रूक गई है. उन्होंने बताया है कि वस्तुतः नगर विकास विभाग वृद्धि की समीक्षा कर रहा है,जैसा कि विधानसभा में सरयू राय के प्रश्न के उत्तर में आश्वासन दिया था.समीक्षोपरांत तय होगा कि वृद्धि कम करना है या नहीं. वैसे भी कैबिनेट का निर्णय विभाग नहीं रोक सकता. सरयू राय ने इसके बाद लगातार ट्विट किया है. श्री राय ने कहा है कि होल्डिंग टैक्स में वृद्धि रोकने का शिगूफ़ा मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगरपालिका के चुनाव के मद्देनज़र छोड़ा गया है. जिन्होंने कैबिनेट में टैक्स वृद्धि का विरोध नहीं किया वे जनता को गुमराह कर रहे हैं. श्री राय ने कहा कि समीक्षा समिति बनाने का निर्णय नगर विकास विभाग की संचिका में 15 दिन पहले हो गया था. यहीं नहीं रुके. श्री राय ने आगे कहा है कि झारखंड सरकार गंभीर है तो होल्डिंग टैक्स में वृद्धि की समीक्षा नगरपालिका चुनाव के पहले पूरा कर वृद्धि रोके.नहीं तो चुनाव ख़त्म तो समीक्षा भी रद्दी की टोकरी में, ठगी जाएगी मानगो या जुगसलाई की जनता. टैक्स वृद्धि की समीक्षा चुनाव के पहले किया जाना चाहिए. सरयू राय ने यह भी जानकारी दी है कि जमशेदपुर में सैरात बाज़ारों की दुकानों के किराया में बढ़ोतरी पर भी सरकार ने कोई रियायत नहीं दिया है. कहा है कि मामला उपायुक्त के कोर्ट में है. वहां से निर्णय होने के बाद ही इस पर विचार हो सकता है.





