जमशेदपुर : गृह रक्षा वाहिनी लोक सेवक संघ की प्रदेश समिति के बैनर तले मंगलवार को प्रदेश संगठन सचिव दिनेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर विधि-व्यवस्था संधारण के लिए प्रतिनियुक्त गृह रक्षकों की स्वीकृत संख्या बढ़ाने की मांग की. इस संबंध में उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में कहा गया है कि संयुक्त बिहार के समय से जमशेदपुर पुलिस जिला में विधि-व्यवस्था ड्यूटी के लिए 250 गृह रक्षकों की स्वीकृति थी, लेकिन वर्तमान में यह संख्या घटकर 238 रह गई है. इसके अलावा कई गृह रक्षक चालक, एसएसपी कार्यालय एवं आवास, उपायुक्त कार्यालय एवं आवास, कस्तूरबा गांधी विद्यालय समेत अन्य स्थानों पर भी प्रतिनियुक्त हैं, जिससे बल की कमी महसूस की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
संघ ने बताया कि इस संबंध में पूर्व और वर्तमान मुख्यमंत्री, वरिष्ठ अधिकारियों तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और पूर्व सांसद डॉ अजय कुमार की ओर से भी अनुशंसा की जा चुकी है. गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के वर्ष 2008 के पत्र के आधार पर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय रांची द्वारा कई बार पत्राचार किया गया, लेकिन अब तक कोई नीतिगत निर्णय नहीं लिया गया. प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक से मामले में हस्तक्षेप कर जमशेदपुर पुलिस जिला में गृह रक्षकों की स्वीकृत संख्या बढ़ाने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल में रामेश्वरी कालिंदी, आजाद अंसारी, संतोष कुमार यादव समेत अन्य गृह रक्षक शामिल थे. इसकी जानकारी संघ के प्रदेश प्रवक्ता कमल कुमार शर्मा ने दी.







