नई दिल्ली : झारखंड की राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क अवसंरचना परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को नई दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान झारखंड की विभिन्न महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई. बैठक में विशेष रूप से खूंटी बाइपास के शीघ्र निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया गया. इस परियोजना के पूर्ण होने से खूंटी शहर में यातायात का दबाव कम होगा, सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी तथा आम लोगों के लिए आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि खूंटी बाइपास क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. इससे खूंटी सहित आसपास के आदिवासी क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा विकास की नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त होगा. मुलाकात के दौरान झारखंड में सड़क अवसंरचना के समग्र विकास और लंबित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को शीघ्र गति देने के संबंध में भी सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई.







