
जमशेदपुर : गुरद्वारा सिंह सभा मानगो में सीबीएसइ परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सिख बच्चों को सम्मानित किया गया। रविवार को गुरुद्वारा परिसर में चार सिख बच्चों तथा गुरु नानक हाई स्कूल, मानगो के छह टॉपर बच्चों को सम्मानित किया गया। समरदीप कौर (96%), जसकरण सिंह (97.6%), सरणदीप सिंह (94.6%) और पवनदीप कौर (91.4%) ने सीबीएसई परीक्षा में अंक हासिल कर स्कूल टॉपर रहे हैं, अत: उन्हें आज यह सम्मान दिया गया। इसके अलावा गुरुद्वारा साहिब मानगो द्वारा संचालित गुरु नानक उच्च विद्यालय में झारखंड एकेडेमिक कॉउन्सिल (जैक) परीक्षा में अच्छे प्रतिशत से सफल होने पर छोटूलाल महतो, सूरज कुमार सिंह, नंदनी कुमारी, प्रीति दत्ता, लीसा कुमारी व अंकित कुमार को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में गुरुद्वारा सिंह सभा मानगो के प्रधान भगवान सिंह उपस्थित थे, जिन्होंने होनहारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर भगवान सिंह ने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन नर्क के समान है। इसलिए सभी को शिक्षा जरूर ग्रहण करनी चाहिए। मानगो गुरुद्वारा के महासचिव जसवंत सिंह जस्सू ने मंच संचालन किया, जबकि इकबाल सिंह, महा सिंह, किरपाल सिंह, सुखवंत सिंह सुखु, कुलदीप सिंह, मनदीप सिंह और टीचर मनिंदर कौर व लखविंदर कौर व अन्य समारोह में उपस्थित थे.












