
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित होटल अलकोर के मामले में जिला पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी है. इसको लेकर बिष्टुपुर पुलिस की ओर से पांच व्यवसायियों को नोटिस जारी किया गया है. इस नोटिस के आलोक में यह कहा गया है कि उनको सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है कि जब पुलिस ने 24 अप्रैल 2020 को लॉकडाउन के दौरान छापामारी की थी, तब वे लोग वहां से भाग निकले थे. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांच व्यवासियों को नोटिस भेजा गया है. इस नोटिस के आलोक में सबको कहा गया है कि 72 घंटे के भीतर जवाब दाखिल करें नहीं तो इसको लेकर सख्त कार्रवाई की जायेगी. नोटिस ऐसे कारोबारियों को भेजा गया है जो होटल अलकोर में स्पष्ट तौर पर सीसीटीवी में देखे जा रहे है. ये सारे पांच लोगों को देखा गया था कि वे लोग आना जाना कर रहे है और लड़की जिस ओर पकड़ी गयी थी, वहां भी आना जाना कर रहे है. इसको लेकर अब बड़े लोगों पर एक बार फिर से शिकंजा कसा जा रहा है. गौरतलब है कि 24 अप्रैल को लॉकडाउन के बीच बिष्टुपुर पुलिस ने छापामारी की थी, जहां से व्यापारी लड्डू मंगोतियां समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया था. उन पर वेश्यावृति करने का आरोप लगाते हुए पुलिस ने एफआइआर दायर कर दिया था. इस मामले में अब अगर संतोषप्रद जवाब नहीं दिया गया तो ऐसे लोगों के खिलाफ केस दायर किया जायेगा और फिर से उनका नाम जोड़ा जा सकता है, जिसके बाद उनको जेल भेजा जा सकता है. इस मामले में होटल अलकोर के मालिक राजीव दुग्गल, राजेश मंगोतिया उर्फ लड्डू मंगोतिया समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआइआर दायर किया गया था और जेल भेजा गया था. इस मामले को लेकर अब जाकर जुलाई माह में उपरोक्त लोगों को जमानत दी गयी थी. इस मामले को लेकर पुलिस के अधिकारी जब मिलीभगत कर रहे थे तो तत्काल बिष्टुपुर थाना प्रभारी राजेश प्रकाश सिन्हा को हटा दिया गया था.






