
जमशेदपुर : सिखों की संस्था रंगरेटा महासभा ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित होटल अलकोर के मालिक राजीव दुग्गल को जेल भेजे जाने पर कड़ी आपत्ति जतायी है. रंगरेटा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनजीत गिल ने जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को ज्ञापन सौंपकर कहा है कि लौहनगरी के समाजसेवी और होटल व्यवसायी राजीव दुग्गल के होटल अल्कोर मामले को लेकर झारखंड सरकार का नजरिया स्पष्ट नहीं है. इस मामले से सिख ही नहीं गैर सिख समाज के लोग भी काफी आक्रोशित हैं. इस मामले में स्पष्ट रूप से प्रतीत हो रहा है कि इसमें साजिश की गई है. पिछले कुछ सालों में बहुत से होटलों में छापेमारी इस शहर में अनैतिक देह व्यापार के मामले को लेकर हुई है और उसमें आखिर कितने होटल मालिक जेल गये हैं? शायद एक भी नहीं, क्योंकि शहर के अधिकांश होटल मैनेजर के भरोसे चल रहें हैं और अगर मैनेजर गलती करता है तो मालिक दोषी है, यह साबित होना बडा़ मुश्किल काम है. होटल अल्कोर में लॉकडाऊन का उल्लंघन सभी स्वीकार कर रहें हैं लेकिन अनैतिक देह व्यापार को कोई भी स्वीकार नहीं कर पा रहा है. लॉकडाऊन के दौरान एक युवती होटल में ठहरी थी, जिसका एक युवक से प्रेम संबंध था लेकिन यहाँ देह व्यापार प्रमाणित नहीं होता है और अगर भूलवश कुछ होता भी है तो वह राजीव दुग्गल जैसे समाजसेवी के जानकारी में था,इसको शहरवासी स्वीकार नहीं कर पा रहें हैं. उन्होंने एसएसपी से मांग की है कि इस मामले में क्या साजिश हुई है ये जानने के लिए सभी उत्सुक हैं और हम सभी आपसे अनुरोध करते हैं कि इस मामले की जांच सीबीआइ से हो, ताकि साजिश का पर्दाफाश हो सके.















