जमशेदपुर : साकची स्थित दयानंद पब्लिक स्कूल की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होनेवाला बहुप्रतीक्षित अंतर-विद्यालयीय उत्सव, “हंच 2025” शुक्रवार को संपन्न हो गया. अपने जीवंत वातावरण और समृद्ध प्रतिस्पर्धी भावना के लिए जाना जानेवाला यह आयोजन एक बार फिर युवा प्रतिभाओं को एक साथ लाने, उन्हें अपनी प्रतिभा को सामने लाने एवं अपनी रचनात्मकता, नवाचार और ज्ञान का जश्न मनाने का एक शानदार मंच साबित हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

इससे पूर्व भव्य उद्घाटन समारोह में शिक्षा समिति के अध्यक्ष ज्ञान तनेजा एवं उपाध्यक्ष राजीव तलवार उपस्थित रहे. सभी ट्रस्टी सदस्यों की उपस्थिति और उत्साही शिक्षकों और छात्रों की भागीदारी ने इस आयोजन को और भी गौरवान्वित किया. इस वर्ष इस आयोजन में शहर के 20 स्कूलों ने हिस्सा लिया, जिससे यह उत्सव वास्तव में प्रतिस्पर्धी और उत्साहपूर्ण बन गया. इस आयोजन में कुल 13 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें ऑन-स्टेज कार्यक्रमों में भाषण, नाटक, संगीत, नृत्य और लाइव प्रदर्शन, ऑफ स्टेज कार्यक्रमों में कला और अन्य बौद्धिक रूप से प्रेरक गतिविधियां शामिल रहे. (नीचे भी पढ़ें)

प्रत्येक प्रतियोगिता को छात्रों के विविध कौशल नेतृत्व और टीम वर्क से लेकर संचार और आलोचनात्मक सोच तक का परीक्षण करने के लिए सोच-समझकर डिज़ाइन किया गया था. कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उनके साथियों और शिक्षकों ने भी उनका उत्साह वर्धन किया. समापन समारोह में प्रसिद्ध शिक्षाविद् प्रमोद दुबे मुख्य अतिथि थे. उन्होंने अपने प्रेरक संबोधन से प्रतिभागियों एवं अन्य विद्यार्थियों को गहराई से प्रभावित किया. श्री दुबे ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित भी किया. इस आयोजन में हिल टॉप स्कूल ओवरऑल विजेता घोषित हुआ, जबकि डीबीएमएस स्कूल, कदमा को रनर अप का खिताब मिला.




