
जमशेदपुर : वैश्विक संकट कोरोना को लेकर देशभर में लॉकडाउन है. झारखंड में भी 17 मई तक लॉकडाउन जारी है. इन सबके बीच एक ओर जहां पुलिस- प्रशासन आम लोगों की सहायता में जुटी है, वहीं दूसरी तरफ अवैध कारोबारी धड़ल्ले से अपने कारोबार को अंजाम दे रहे हैं. जहां आए दिन किसी न किसी क्षेत्र के अवैध कारोबारियों का खुलासा भी हो रहा है. ताजा मामला जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी कॉलेज को-ऑपरेटिव कॉलेज का है.

जहां लॉकडाउन के बाद से ही कॉलेज बंद पड़ा है, लेकिन बंद कॉलेज के भीतर जो कुछ हो रहा है उसे जान आप हैरान हो जाएंगे. आपको बता दें कि कॉलेज कैम्पस के अंदर लकड़ी माफियाओं द्वारा दर्जनों विशालकाय पेड़ों को काट कर ढो लिया गया और इसकी भनक न कॉलेज में रह रहे कर्मचारियों लगी, ना ही कॉलेज के गार्ड को लगी. वैसे इतने बड़े पैमाने पर कॉलेज कैम्पस में पेड़ों की कटाई हो गई और कॉलेज कैंपस में रह रहे कर्मचारियों और गार्ड को इसकी भनक न लगे यह तथ्य हैरान करने वाला है. इन तस्वीरों में आप साफ देख सकते हैं किस बेरहमी से पेड़ो की कटाई की गई है. वैसे मामला जांच का है.






