जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित साकची गोलचक्कर के पास बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. अनियंत्रित लोडेड ट्रक (संख्या बीआर02जी-5749) अचानक सड़क किनारे स्थित सोनी सेंटर दुकान में जा घुसी. हादसे के समय रात होने के कारण दुकान बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई. हालांकि, दुकान के आगे के हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई. पुलिस चालक से पूछताछ कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है. स्थानीय लोगों ने घटना के बाद सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताई है.





