गालूडीह: लगातार हो रही बारिश के कारण गालूडीह के खड़िया कॉलोनी हाइवे से बड़ाखूर्शी गिधिबिल टोला तक जाने वाली सड़क की स्थिति काफी खराब हो गयी है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जलजमाव होने से वाहन चालकों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. खासकर दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा बन गया है. ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. (नीचे भी पढ़ें)
सड़क की जर्जर स्थिति को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने इसकी मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग उठाई है. हालांकि कुछ दिन पहले इस संबंध में स्थानीय लोगों द्वारा क्षेत्र के सांसद विद्युतवरण महतो को आवेदन सौंपकर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग पत्र सौंपी गयी है. ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे लोगों को राहत मिल सके.







