जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो स्थित जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के बाहर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब को-ऑपरेटिव कॉलेज के छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. बताया जा रहा है कि जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में परीक्षा चल रही थी, जिसमें को-ऑपरेटिव के छात्र थे. इसी दौरान छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ जो देखते-देखते हिंसक हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक गुट के छात्र ने फोन कर कुछ बाहरी युवकों को मौके पर बुला लिया, जिन्होंने आते ही दो छात्रों पर हमला कर दिया और उनकी जमकर पिटाई की. मारपीट में घायल छात्रों को स्थानीय लोगों की मदद से बचाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर युवक पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए. पुलिस ने घायल दो छात्रों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मारपीट में शामिल बाहरी युवकों की पहचान की जा रही है, जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.











