जमशेदपुर : स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में होगा. समारोह को लेकर परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया. पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में उपायुक्त राजीव रंजन ने वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब के साथ परेड का निरीक्षण किया. मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, नगर आयुक्त जेएनएसी योगेन्द्र प्रसाद, नजारत उपसमाहर्ता डेविड बलिहार, उप निदेशक जनसंपर्क सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. अंतिम पूर्वाभ्यास में जिला पुलिस बल की पुरूष व महिला की टुकड़ी, होम गार्ड की प्लाटून, चौकीदार महला व पुरूष, एनसीसी, रेंजर (गर्ल्स), स्काउट एंड गाईड की दो प्लाटून एवं केजीबीवी, पटमदा का बैंड पार्टी शामिल हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए किए गए अंतिम पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में उपायुक्त ने मुख्य समारोह को भव्यता से मनाए जाने को लेकर मौके पर मौजूद पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन सिदगोड़ा टाउन हॉल में किया गया है. इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राएं राष्ट्रभक्ति गीत व संगीत की प्रस्तुति देंगे. (नीचे भी पढ़ें)

सांस्कृतिक संध्या के सफल आयोजन को भी लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को मूर्त रूप दिया जा रहा है. भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस का आयोजन को लेकर तय नियम है. इसमें कहा गया है कि जिला स्तर पर राष्ट्रगीत का गायन मंत्री, आयुक्त, जिला मजिस्ट्रेट के द्वारा राष्ट्र ध्वज फहराना तथा उसके बाद राष्ट्रगान होगा. राज्य पुलिस कर्मियों, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट्स द्वारा परेड होगा. (नीचे भी पढ़ें)

उसके बाद मंत्री, आयुक्त, जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जनता को संबोधन और राष्ट्रगीत तथा उसके बाद राष्ट्रगान होगा. इसी तरह कहा गया है कि उपमंडल स्तर या प्रखण्ड स्तर पर उपमंडल मजिस्ट्रेट, उपमंडल अधिकारी, प्रखण्ड विकास अधिकारी, जैसा भी मामला हो, द्वारा राष्ट्र ध्वज फहराना, उसके बाद राष्ट्रगान और उसके बाद उपमंडल मजिस्ट्रेट, उपमंडल अधिकारी, प्रखण्ड विकास अधिकारी द्वारा जनता को संबोधन और राष्ट्रगीत तथा उसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जायेगा. वहीं, पंचायत मुख्यालय या ग्राम स्तर पर राष्ट्रगीत का गायन का नियम है. यहां सरपंच, ग्राम प्रधान के द्वारा राष्ट्र ध्वज फहराना, उसके बाद राष्ट्रगान और उसके बाद सरपंच, ग्राम प्रधान द्वारा जनता को संबोधन और राष्ट्रगीत तथा उसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जायेगा.








