जमशेदपुर: जमशेदपुर के आज़ादनगर स्थित अहमदिया मस्जिद में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें मुस्लिम भाइयों ने बड़ी संख्या में शिरकत की. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वजारोहण से हुई, जो पूर्वी सिंहभूम ज़िला अमीर जनाब नाइक मोहम्मद साहब के कर-कमलों द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ संपन्न हुआ. उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जनाब नाइक मोहम्मद साहब ने कहा कि आज़ादी कोई साधारण उपलब्धि नहीं, बल्कि हमारे पूर्वजों के अथक संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता एक अनमोल धरोहर है, जिसे संजोए रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सबकी साझा ज़िम्मेदारी है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि सच्ची आज़ादी तभी सार्थक होती है जब हम अनुशासन, भाईचारे और राष्ट्र के प्रति ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें. उन्होंने अहमदिया मुस्लिम जमाअत की ओर से देश की एकता, अखंडता और शांति के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प दोहराया और उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि वे इस्लाम की शिक्षाओं के अनुरूप देशभक्ति, सहिष्णुता और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा दें. अंत में उन्होंने देश की तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ भी की.इस अवसर पर शेख मन्नान, खलील अहमद, अशरफ अज़ीज़, अयान करीम, जावेद अहमद, मुईनुल हक़ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे.




