जमशेदपुर : जमशेदपुर में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें शामिल हजारों श्रद्धालु ने रथ खींचने का सौभाग्य प्राप्त किया. रथ यात्रा की शुरुआत विधिवत पूजा- अर्चना के साथ हुई. भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा पारंपरिक रथ पर विराजमान होकर मौसीबाड़ी के लिए निकले. यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा रथ यात्रा का स्वागत किया गया और भक्ति संगीत, भजन-कीर्तन, फूलों की वर्षा तथा प्रसाद वितरण जैसे आयोजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर नगर प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए थे. पुलिस बल की तैनाती, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य सेवाएं एवं ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे रथ यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई. इस्कॉन की ओर से बिस्टुपुर राम मंदिर से रथ यात्रा निकाली गई जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रभु का रथ खींचा. (नीचे भी पढ़ें)
रथ यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों की ओर से जगह-जगह जल सेवा, शीतल पेय, फल वितरण की व्यवस्था की गई थी. भगवान जगन्नाथ की कृपा से यह धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आस्था, और समर्पण का प्रतीक बनकर संपन्न हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि जमशेदपुर में कुल 12 स्थानों से रथ यात्रा निकाली जाती है. साकची उत्कल एसोसिएशन द्वारा निकाली गई रथ यात्रा का आकर्षण पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय रहे. राजनीतिक रूप से दोनों एक दूसरे के धुर विरोधी मगर प्रभु का रथ खींचने दोनों एक साथ पहुंचे. हालांकि इस दौरान दोनों के बीच किसी तरह की कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई, जो चर्चा का विषय बना रहा. दोनों नेताओं ने राज्य और शहर के लोगों को रथ उत्सव की शुभकामनाएं दी.



