
जमशेदपुर : काशीडीह ग्राम सभा एवं माझी परगना महाल धाड़ दिसोम द्वारा नारगा बड़हाडीह मैदान में जनाक्रोश महासभा का आयोजन किया गया है. भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष विकास हेंब्रम ने यह जानकारी दी है. जनाक्रोश महासभा को भीम आर्मी की ओर से पूर्ण समर्थन देने की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया है कि काशीडीह ग्राम सभा की अनुमति बगैर हैवी व्हेकिल ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का निर्माण कराये जाने तथा पांचवी अनुसूची क्षेत्रों में नगर निगम, नगर पालिका गठन समेत आदिवासी विरोधी नीतियों के खिलाफ यह आयोजन किया गया है. महासभा का आयोजन आगामी 9 जनवरी (रविवार) की सुबह 11:00 बजे से होगा. उन्होंने कहा है कि वर्तमान में आदिवासियों के हितों की रक्षा के लिए संवैधानिक अधिकार पेसा एक्ट, सीएनटी एसपीटी एक्ट जैसे तमाम संवैधानिक अधिकार होने के बावजूद वर्षों से काशीडीह ग्राम के ग्रामवासी लोकतांत्रिक रूप से अपना विरोध जता रहे हैं. फिर भी सरकार तथा प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है. वर्षों से आदिवासियों द्वारा जल, जंगल, जमीन की रक्षा की जा रही है. जल, जंगल, जमीन के मालिक कहे जाने वाले आदिवासियों के ऊपर आज इतनी बड़ी विडंबना है कि जिस जमीन को वर्षों से वह सुरक्षित रखते हुए आए हैं और अपनी पारंपरिक पूजा भी कर रहे हैं आज उसी जमीन में सरकार द्वारा हैवी वकील ट्रेनिंग सेंटर खोला जा रहा है. इसलिए काशीडीह ग्राम सभा तथा माझी परगना महाल द्वारा आयोजित इस जनाक्रोश महासभा का भीम आर्मी पूर्वी सिंहभूम पूर्ण रूप से समर्थन करती है. इस जनाक्रोश महासभा में भीम आर्मी हमेशा काशीडीह ग्राम वासियों के साथ खड़ी रहेगी और इस लड़ाई को लड़ेगी, क्योंकि भीम आर्मी संविधान की रक्षक है और इस देश में भीम आर्मी संविधान को पूर्णतः रूप से लागू कराने का काम करेगी.












