जमशेदपुर : जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) समिति का एक प्रतिनिधिमंडल जमशेदपुर जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव की अगुवाई में पूर्वी सिंहभूम जिला के वरीय आरक्षी अधीक्षक पीयूष पांडेय से उनके कार्यालय में मिला. जद(यू) नेताओं ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर जिला में खराब होती विधि व्यवस्था से संबंधित विभिन्न मामलों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया. ज्ञापन में निम्नलिखित घटनाओं पर प्रकाश डाला गया. इन लोगों ने मांग की कि दिनदहाड़े महिलाओं से चेन छिनतई की घटनाएं निरंतर घटित हो रही है. रोजाना शहर के विभिन्न इलाकों में इस तरह की घटनाएं सामने आ रही है. जिसमे चेन स्नैचर सड़क पर चलते हुए या मोटर वाहन पर सवार महिलाओं के गले से चेन छीन कर फरार हो जा रहे है. इसके अलावा गृह भेदन की घटनाएं आम हो गई है.घरों का ताला तोड़कर चोरी की घटनाएं निरंतर घटित हो रही है. लोग अपने घरों को छोड़कर कहीं भी बाहर जाने से घबरा रहे है. शहर में नशे के कारोबार तेजी से फल फूल रहा है. जिसमें ब्राउन शुगर, स्मैक– ड्रग्स सहित अन्य नशीले पदार्थ की खरीद बिक्री तेजी से हो रही है. इस गोरख धंधे में संलिप्त तत्व पुलिस की पकड़ से दूर हैं. नशे की चपेट में आकर शहर के युवाओं का भविष्य नष्ट हो रहा है. शहर में मटका अड्डा, जुआ, अवैध शराब भट्टी सहित अन्य कारोबार के संचालन में आपराधिक गिरोह पूरी सक्रिय हैं. जिस कारण अपराध का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है. विभिन्न चौक चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरा काम नहीं कर रहे है. जिसका फायदा आपराधिक तत्व उठा रहे हैं. साइबर क्राइम की घटना से शहर की जनता परेशान है. ऑनलाइन ठगी की लोग शिकार हो रहे है. एटीएम कार्ड बदलकर एटीएम केंद्र से चोरी हो रही है. (नीचे भी पढ़ें)
जदयू नेताओं ने एसएसपी से मांग की की शहर के सभी थाना को सक्रिय कर अपराध पर अंकुश लगाने का निर्देश दे. थाना क्षेत्र में प्रत्येक दिन पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, अपराधियों को चिन्हित कर उनपर नकेल कसा जाए. शहर में अपराधमुक्त, भयमुक्त और शांतिप्रिय वातावरण स्थापित करने के लिए जिला प्रशासन कठोर कदम उठाए. इस दौरान मुख्य रूप से जदयू जिला महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नू, जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर राव, भास्कर मुखी, जीतू सिंह परमार, दिनेश्वर कुमार, जिला सचिव कन्हैया ओझा, विकास साहनी, विनोद सिंह, प्रेम सक्सेना, जिला प्रवक्ता आकाश शाह, जिला कोषाध्यक्ष संजीव सिंह, संगठन समन्वय विजय सिंह, एसटी मोर्चा अध्यक्ष प्रकाश कोया, महानगर सचिव मृत्युंजय शर्मा आदि उपस्थित थे.



