जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में 17 जून को हुए कथित अपहरण और जानलेवा हमले का मामला एक बार फिर चर्चा में है. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 17 जून की रात कन्वाई चालक का अपहरण कर उसे स्कूटी से विभिन्न स्थानों पर ले जाया गया और चापड़, लोहे के पंच तथा बोल्डर से बेरहमी से हमला किया गया. इस हमले में उसकी एक आंख गंभीर रूप से घायल हो गई. प्रारंभिक इलाज के लिए उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए रिम्स रेफर किया गया. वर्तमान में उसका इलाज जारी है. (नीचे देखे पूरी खबर)

पीड़ित का आरोप है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद आरोपी लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं. आरोप है कि इसी क्रम में बीती मध्य रात्रि विवेक, आयुष सहित करीब 10 अन्य युवक उसके घर पहुंचे और जमकर तोड़फोड़ की. पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे, घरेलू सामान और एक वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया. (नीचे देखे पूरी खबर)

शोर सुनकर स्थानीय बस्तीवासी मौके पर पहुंचे और विरोध किया, जिसके बाद आरोपी अपनी एक स्कूटी वहीं छोड़कर फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने उक्त स्कूटी पुलिस के हवाले कर दी. बस्तीवासियों का आरोप है कि कई बार सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची. कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे कुछ पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे. हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पीड़ित पक्ष का यह भी दावा है कि घटनाक्रम से संबंधित सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, जिसमें कथित तौर पर हमलावरों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)

परसुडीह थाना पुलिस ने दोनों पक्षों से आवेदन लेकर दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू करने की बात कही थी. वहीं, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत करने के बावजूद अब तक आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है. पुलिस की ओर से इस आरोप पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.




