जमशेदपुर : नगर की महिलाओं की संस्था नारी शक्ति ने उपायुक्त को एक मांगपत्र सौंप कर शहर में चल रही ट्रैफिक चेकिंग की व्यवस्था में सुधार किये जाने की मांग की है. संस्था की अध्यक्ष अपर्णा गुहा ने कहा कि इन दिनों पूरे शहर में वाहन जांच अभियान पूरे जोर शोर से चल रहा है. हम घरेलू महिलाएं इसके खिलाफ नहीं हैं. यह अभियान कहीं न कहीं हम महिलाओं के घरों को सुरक्षित रखने में सहयोग ही करता है, लेकिन कभी-कभी नियम विरुद्ध जांच अभियान देख कर मन को काफी पीड़ा होती है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंंने कहा कि पुलिस विभाग के निर्देशानुसार सीसीटीवी कैमरा लगे स्थान या पुलिसकर्मी द्वारा कॉलर कैमरा लगाकर ही जांच करनी है. इसके बावजूद अधिकतर स्थानों पर पुलिसकर्मी किसी पेड़ या दीवार के पीछे छिप कर रहते हैं और वाहन चालक के सामने अचानक आ जाते हैं, जिसके कारण आये दिन चालक या पुलिसकर्मी के घायल होने की खबरें मिलती रहती हैं. यही नहीं, कभी-कभी किसी चालक के मामूली कागजात की कमी होने पर उसे जुर्माना भरना पड़ता है. अस्पताल जाते हुए लोगों, बुजुर्गों या महिलाओं के हेल्मेट न होने पर भी उनसे जुर्माना वसूला जाता है. नो एंट्री लागू होने के बावजूद भारी वाहनों के शहर में प्रवेश कई सवालों को जन्म देता है. उन्होंने आग्रह किया है कि अभियान ज़रूर चलाया जाय, लेकिन नियमों को लचीला करते हुए, खासकर परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों व अस्पताल जा रहे लोगों को थोड़ी राहत दी जानी चाहिए और व्यावसायिक व भारी वाहनों के बेतरतीब परिचालन पर शिकंजा कसा जाना चाहिए.



