जमशेदपुर : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को जमशेदपुर में उस समय एक बड़ी संगठनात्मक मजबूती मिली, जब पूर्व आईआरएस अधिकारी एवं समाज में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले मनोज कुमार सिंह ने अपने राजनीतिक सफर की नई शुरुआत करते हुए जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ग्रहण की. पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और जदयू परिवार में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस अवसर पर श्री मनोज कुमार सिंह ने कहा कि वे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार की नीतियों, विचारों और सिद्धांतों से काफी प्रभावित हैं. नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में सुशासन, विकास, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के क्षेत्र में जो मिसाल कायम की है, उससे प्रेरित होकर उन्होंने जनता दल यूनाइटेड से जुड़ने का निर्णय लिया है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी की विचारधारा के साथ जुड़कर वे जनसेवा के कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. मनोज कुमार सिंह जैसे अनुभवी एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्व का जदयू परिवार में शामिल होना पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है. उनके अनुभव, कार्यक्षमता और सामाजिक संपर्कों से जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी. साथ ही संगठन का विस्तार होगा और जदयू की राजनीतिक एवं सांगठनिक ताकत और अधिक मजबूत होगी. इस मौके पर उपस्थित जदयू नेताओं ने कहा कि पार्टी में लगातार नए एवं अनुभवी लोगों का जुड़ना संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रतीक है. मनोज कुमार सिंह के पार्टी में शामिल होने से निश्चित रूप से संगठन को एक नई दिशा और मजबूती मिलेगी. सदस्यता ग्रहण समारोह में मुख्य रूप से युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल सिंह, प्रदेश महासचिव कौशल कुमार, जिला अध्यक्ष सुभाष श्रीवास्तव, संजय ठाकुर, अंजली सिंह सहित जदयू के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे. अंत में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मनोज कुमार सिंह का पार्टी में स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके जुड़ने से झारखंड में जनता दल यूनाइटेड का संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा पार्टी जनहित के मुद्दों को और मजबूती के साथ उठाएगी.















