जमशेदपुर : बुजुर्गों को समर्पित सामाजिक संस्था जीवन ज्योति ने बुजुर्गो का अकेलापन दूर करने एवं उनमें बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं की देखभाल के लिए सरकार से जेरियाट्रिक हेल्थ सेंटर एवं टेलीमेडिसिन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है. जीवन ज्योति की ओर से मानगो शंकोसाई में साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाता है. आज के शिविर में विशेष रूप से उपस्थित संस्था के महासचिव मनोज मिश्रा ने बताया कि भारत में बुजुर्गों की आबादी तेजी से बढ़ रही है, ज़ो आनेवाले समय में एक गंभीर चुनौती होगी. जेरियाट्रिक हेल्थ सेंटर एवं टेलीमेडिसिन भविष्य में उनकी स्वास्थ्य देखभाल के लिए एक महत्वपूर्ण समाधान बन सकता है. इस दिशा में सरकार को गंभीरता से कार्य करना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)

जेरियाट्रिक हेल्थ सेंटर में एक ही छत के नीचे बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य देखभाल एवं चिकित्सा के सभी साधन उपलब्ध कराये जाते हैं. उन्हें जांच एवं इलाज के लिए अलग-अलग स्थानों में जाना नहीं पड़ता. इससे उन्हें काफ़ी आराम मिलता है. वहीँ टेलीमेडिसिन सिस्टम बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से उपयोगी हो सकता है, क्योंकि वैसे बुजुर्गों, खासकर अकेले रह रहे एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वालों, के लिए हमेशा अस्पताल या क्लिनिक तक जाना मुश्किल हो सकता है. टेलीमेडिसिन वीडियो कॉल, मोबाइल ऐप्प और ऑनलाइन परामर्श के माध्यम से डॉक्टरों तक उनकी पहुंच आसान बनाता है. बुजुर्गों में डायबिटीज, हृदय रोग, और गठिया जैसी पुरानी बीमारियां आम होती हैं. टेलीमेडिसिन नियमित मॉनिटरिंग, दवा समायोजन, और परामर्श में उन्हें लगातार मदद कर सकती है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि अकेलापन और अवसाद बुजुर्गों में बढ़ रही बड़ी समस्याएं हैं. टेलीमेडिसिन के जरिए मनोवैज्ञानिक परामर्श और थेरेपी सुलभ हो सकती है. बुजुर्गो को टेलीमेडिसिन प्लेटफॉर्म का उपयोग सिखाने की जरूरत है. आज के शिविर में शैलेन्द्र सिन्हा, रविशंकर, एल बी प्रसाद, बी के दास, जीतेन्द्र राय, शुभश्री दत्ता, रेणु कुमारी, विष्णु लाल, जिष्णु महतो, शंकर दत्ता सहित काफ़ी संख्या मे लाभार्थी उपस्थित थे.














