जमशेदपुर : झारखंड मुक्ति मोर्चा पूर्वी सिंहभूम जिला समिति के दिशा-निर्देश पर रविवार को सोनारी स्थित कार्मेल जूनियर कॉलेज के समीप एक दिवसीय विशेष जन-जागरूकता एवं त्वरित समाधान शिविर (कैंप) का आयोजन किया गया. इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय आम जनता को एसआइआर से संबंधित बारीकियों व महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियों से अवगत कराना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग करना था. झामुमो की ओर से आयोजित इस विशेष शिविर में न केवल आम नागरिकों को जागरूक किया गया, बल्कि मौके पर ही चुनौतीपूर्ण माने जाने वाले एसआइआर से संबंधित फॉर्म भरने में उनकी मदद भी की गई और इसके साथ ही जनता की इस विषय से जुड़ी अन्य सभी व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट निवारण कर उन्हें बड़ी राहत पहुंचाई गई. (नीचे भी पढ़ें)

दरअसल, आम जनता को इसके प्रारूप को समझने, प्रत्येक योग्य सदस्य की पारिवारिक मैपिंग करने और दस्तावेजीकरण में भारी तकनीकी उलझनों का सामना करना पड़ रहा था, जिसका समाधान इस शिविर के माध्यम से सुगमता से किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर मुख्य रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य मोहन कर्मकार, वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी आस्तिक महतो, केंद्रीय सदस्य काबुल महतो, जिला संगठन सचिव नासिर खान, वरिष्ठ नेता अजय रजक, पूर्व जिला सचिव लाल्टू महतो, वरिष्ठ नेता उमानाथ झा और सोनारी शाखा समिति अध्यक्ष धनंजय महतो उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

इनके साथ ही शिविर में पीके राय, विजय महतो, प्रो चंद्रशेखर महतो, सुनील दास, रोहित लोहरा, पिंटू रजक, अजय पंडित, साकेत झा, कमल सोय, स्वपन राय, राकेश कुमार सहित भारी संख्या में समर्पित पार्टी पदाधिकारी, सक्रिय कार्यकर्ता व आम लोग उपस्थित रहे, जबकि इस कार्यक्रम का संयोजन युवा नेता अंकित सिंह की ओर से किया गया.







