जमशेदपुर : दलमा में शिवभक्तों से पैसे वसूले जाने के खिलाफ लोगों में गुस्सा है. इस बीच लोगों की भावनाओं को देखते हुए जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी खुद से पहल की है. उन्होंने जमशेदपुर के सर्किट हाऊस में दलमा और जमशेदपुर के डीएफओ सबा आलम अंसारी के साथ बैठक की. बैठक में विधायक ने सारी जानकारी ली. इसके बाद कहा गया कि यह पैसे पहले से लिये जाते है. इस पर विधायक मंगल कालिंदी ने डीएफओ को साफ तौर पर कहा कि दलमा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन के लिए पैदल आने वाले श्रद्धालुओं से ली जाने वाली शुक्ल का भुगतान खुद विधायक मंगल कालिंदी अपने वेतन मद से देंगे. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने डीएफओ को निर्देश दिया कि इसकी सूचना तत्काल अन्य अधिकारियों को दे दी जाये और आज से ही पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं से शुल्क ना लिया जाये. शुल्क की जितनी भी राशि होगी, उसे वह अपने वेतन के पैसे से भुगतान कर देंगे. विधायक ने कहा कि शुल्क की समस्या का स्थायी समाधान को लेकर भी वे विभागीय मंत्री से मुलाकात कर इस विषय को गंभीरता से रखेंगे और विधानसभा के पटल पर भी इस विषय को उठायेंगे.



