जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा शास्त्रीनगर में सौहार्द बिगाड़ने के मामले में आरोपी अधिवक्ता चंदन कुमार चौबे समेत अन्य सात अभियुक्तों की जमानत याचिका पर सुनवाई जमशेदपुर कोर्ट के एडीजे -2 आभाष वर्मा की अदालत ने बुधवार को मंजूरी दे दी. अन्य आरोपियों में चंदन दास उर्फ चंदन रूहिदास, भोला लोहार, शंकर राव उर्फ एस शंकर राव, कन्हैया पांडेय,भीम यादव, अनिरुद्ध कुमार गिरि और राजेश चौबे शामिल हैं जबकि अदालत ने अन्य एक आरोपी रितेश कुमार झा की जमानत नामंजूर कर दी. अदालत ने भाजपा नेता अभय सिंह, सुधांशु ओझा, रंजीत कुमार पंडित, उमेश सिंह, संदीप पांडेय, मुकेश कुमार मिश्रा, जावेद शेख, रफीक मंडल, जितेन्द्र कुमार पांडेय और गोपी प्रमाणिक के खिलाफ 22 मई को फैसला की तिथि तय की है. यह आरोपी पिछले एक माह से जेल में बंद हैं. (नीचे भी पढ़ें)
क्या हैं मामला :
9 अप्रैल को कदमा के शास्त्रीनगर का सौहार्द बिगड़ गया था. इस बीच दो समुदाय के बीच खूब रोड़ेबाजी हुई थी. फायरिंग भी की गयी थी. बाद में पुलिस ने हवाइ फायरिंग कर लोगों को चेताया भी था, लेकिन उपद्रवी रोड़ेबाजी करने से नहीं चूक रहे थे. जमशेदपुर के एसएसपी प्रभात कुमार पर भी पथराव कर दिया गया था. घटना के बाद कदमा में धारा 144 लगा दिया गया है. साथ ही उसी रात रैफ को उतार दिया गया था. इसके बाद मामला शांत हुआ था. इस मामले में अनुमंडल पदाधिकारी पियुष कुमार सिन्हा, पुलिस उपाधीक्षक कमल किशोर जय प्रकाश कुरमाली कार्यपालक दंडाधिकारी समेत कई पुलिस कर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे. इस मामले में जेएनएससी के नगर प्रबंधक अन्य राज के बयान पर 118 नामजद समेत हजारों अज्ञात के खिलाफ कदमा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी. पुलिस ने जानलेवा हमला, धार्मिक भावना में ठेस पहुंचाने के अलावे सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने फायरिंग व बम विस्फोट अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया हैं. इस मामले में कई दर्जन लोगों जेल में बंद हैं.














