चाकुलिया : चाकुलिया ट्रक मालिक संघ ने विगत दिनों अनुमंडल पदाधिकारी और विधायक को मांग पत्र सौंपकर अपने बकाया ट्रक भाड़े के भुगतान एवं भाड़े की दर में वृद्धि करने की मांग की थी. ज्ञापन में मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में ट्रक मालिक संघ की ओर से 17 मई को एफसीआइ के मुख्य द्वार को जाम करने की चेतावनी दी गयी थी. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक समीर महंती ने गुरुवार के दिन ट्रक मालिकों को अपने कार्यालय बुलाकर मामले की जानकारी ली एवं एफसीआइ के संवेदक से दूरभाष पर बात कर ट्रक मालिकों के बकाया भाड़े के भुगतान एवं भाड़े की दर में वृद्धि करने की बात कही. इसपर संवेदक ने दो चार दिन में ट्रक मालिकों के साथ बैठ कर समस्या का समाधान करने की बात कही है. ट्रक मालिकों ने विधायक की पहल पर आज आंदोलन स्थगित करते हुए कहा है कि संवेदक द्वारा उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे सभी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे और इसके तहत एफसीआइ का मुख्य द्वार जाम कर देंगे. मौके पर राजेश सिंह, साहेब दास, संजय घोष, दीपक सिंह, रत्नेश कुमार, मंटू सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे.














