जमशेदपुर : गोलमुरी तेली साहू समाज की ओर से केबुल बस्ती स्थित सीपी समिति विद्यालय सभागार में कर्मा महोत्सव सह मिलन समारोह का आयोजन हुआ. जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार उपस्थित रहे. दोनों अतिथियों ने माता कर्मा एवं माता राजिम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस अवसर पर हाल ही में दिवंगत हुईं सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्म विभूषण तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी लोक कला एवं भारतीय संस्कृति के प्रति उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया गया. तत्पश्चात समाज के बच्चों एवं युवाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा. (नीचे भी पढ़ें)

विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मा महोत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और समाज की एकता का प्रतीक है. ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति होती है. विशिष्ट अतिथि दिनेश कुमार ने कहा कि संगठित समाज ही विकास की मजबूत नींव रखता है. समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षा, संस्कार, सामाजिक सेवा और आपसी सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए. ऐसे सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में भाईचारा, आत्मीयता और संगठन की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह के दौरान तेली साहू समाज, गोलमुरी क्षेत्र के अध्यक्ष खेमलाल साहू एवं महामंत्री गिरधारी साहू ने साकची, सोनारी एवं जुगसलाई क्षेत्र से आए समाज के पुरुष एवं महिला पदाधिकारियों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में सम्मानित अतिथि के रूप में हेमा साहू, समाज के केंद्रीय अध्यक्ष मनमोहन लाल साहू, केंद्रीय महामंत्री रामनरेश साहू, महिला अध्यक्ष जया साहू, खेमलाल चौधरी एवं गंगा प्रसाद साहू उपस्थित रहे. इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, महिला एवं युवा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे, जिनमें मणिलाल साहू, रेखा साहू, रत्ना साहू, रानी साहू, सत्येंद्र साहू, धर्मेंद्र साहू, दिनेश साहू, राखी साहू, रेमन कुमार, संतोष साहू, कामेश्वर साहू, टिंकू साहू, उमेश साहू एवं विनय साहू सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे.







