जमशेदपुर : गोलमुरी स्थित केरला समाजम मॉडल स्कूल परिसर में कक्षा 2-बी के छात्र अभिसाज सिंह के साथ कुछ छात्रों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. घटना 25 अगस्त की बताई जा रही है. छात्र के पिता गोल्डी सबलोक ने स्कूल प्रबंधन को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी छात्रों के खिलाफ उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायत के अनुसार, स्कूल परिसर के अंदर कुछ छात्रों ने मिलकर अभिसाज सिंह के साथ मारपीट की. घटना के बाद अभिभावक ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क कर पूरी जानकारी दी और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की. अभिभावक का कहना है कि स्कूल प्रबंधन की ओर से उन्हें बताया गया कि संबंधित क्षेत्र में लगा सीसीटीवी कैमरा फिलहाल काम नहीं कर रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
स्कूल प्रबंधन ने अभिभावक को आश्वासन दिया है कि आगामी सोमवार को घटना से संबंधित सभी छात्रों के अभिभावकों को बुलाकर आमने-सामने बातचीत की जाएगी. प्रबंधन ने मामले का उचित समाधान निकालने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया है. गोल्डी सबलोक ने कहा कि बच्चे की सुरक्षा को लेकर वे चिंतित हैं. उन्होंने स्कूल प्रबंधन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी छात्रों की पहचान करने तथा आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में स्कूल परिसर में किसी अन्य बच्चे के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो.




