जमशेदपुर : साकची स्थित लाइफलाइन नर्सिंग होम के मालिक दशरथ कुमार कांवटिया से 22 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार आरोपी अनूप अग्रवाल को पुलिस ने एमजीएम अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया है. धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार अनूप अग्रवाल बुधवार को जज के समक्ष पेशी के दौरान तबीय़त खराब होने की बात कर यह कहते हुए जमीन पर लेट गया कि उससे खड़ा नहीं हुआ जा रहा है. इसके बाद अदालत ने उसे डॉक्टर के पास ले जाने को कहा. पुलिस द्वारा एमजीएम अस्पताल ले जाये जाने पर उसकी पत्नी अनीशा अग्रवाल भी वहां पहुंच गई. वह पुलिस कर्मियों से हाथ जोड़ कर अनूप को बेकुसूर बताते हुए उसे छोड़ देने की मिन्नतें करती रही. इसी बीच वह अनूप से लिपट कर रोने लगी. इमरजेंसी में उपचार के बाद उसे अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में रखा गया है. बताते चलें कि साकची थाने में पूछताछ के दौरान भी अनूप बार-बार तबीयत बिगड़ने की बात कर रहा था, जिसके मद्देनजर पुलिस उसे एमजीएम अस्पताल लाई थी. लेकिन जांच में कुछ नहीं निकलने के बाद उसे टीएमएच भी ले जाया गया, लेकिन वहां भी कोई बीमारी नहीं निकली. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि लाइफलाइन नर्सिंग होम के मालिक दशरथ कुमार कंवटिया ने अनूप अग्रवाल के खिलाफ साकची थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है. प्राथमिकी में दशरथ कांवटिया ने बताया है कि आरोपी ने उन्हें खुद को केवलका सिक्योरिटीज नाम के फर्म का मालिक बताते हुए कहा कि उसका फर्म शेयर की खरीद-बिक्री करता है. अनूप ने उन्हें उनका पैसा शेयर में लगाकर काफी लाभ दिलाने का झांसा दिया. इस तरह श्री कांवटिया ने 22 बार में अनूप को ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए कुल दो करोड़ 62 लाख रुपये दिये. इसके बाद कोविड काल में अनूप अग्रवाल ने फोन कर दशरथ कंवटिया को डराया कि वह शेयर बाजार में और पैसा लगायें वरना उनका सारा पैसा डूब जाएगा. इस पर उन्होंने अपने फर्म वीआइपी बिल्डर्स के एसबीआइ अकाउंट और एक्सिस बैंक के अकाउंट से अनूप अग्रवाल के ऑफिस में काम करने वाले रंजीत कुमार राय, रमेंद्र कुमार, राहुल प्रसाद, सोनू रजक, धर्मेंद्र राय, संघी स्टील उद्योग और अनूप कुमार अग्रवाल के बैंक खातों में कुल 5 करोड़ 41 लाख 30 हजार 264 रुपए ट्रांसफर किये. बाद में 29 अप्रैल साल 2021 को काफी दबाव बनाने के बाद अनूप अग्रवाल ने एक कागज पर लिख कर दिया कि दशरथ कंवटिया का कुल हिसाब-किताब 22 करोड़ रुपए का निकलता है. उनके शेयर बिक गये हैं और जल्द ही उन्हें पैसा दे दिया जाएगा. श्री कांवटिया ने इसी सिलसिले में अनूप को दो बार 50-50 लाख रुपये के चेक देने की बात भी बताई, हालांकि ये चेक बाउंस कर गए थे. तब से अनूप अग्रवाल दशरथ कंवटिया को पैसा नहीं दे रहा था. इसके बाद श्री कंवटिया ने विगत 19 अगस्त को अनूप के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया. मामले की जांच के क्रम में पुलिस ने सोमवार की रात आरोपी अनूप अग्रवाल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया था.




