जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड पर रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना में लोको पायलट ज्ञानेंद्र कुमार गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. घटना रात करीब 1:45 बजे पायलट लॉबी गेट के बाहर हुई, जब ज्ञानेंद्र अपनी ड्यूटी समाप्त कर लॉबी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं रेलवे कर्मियों में भी आक्रोश देखा जा रहा है. मृतक की पत्नी रीना रानी के बयान पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है. उन्होंने जमीन विवाद को हत्या की मुख्य वजह बताया है. (नीचे भी पढ़ें)
पत्नी के अनुसार हरहरगुट्टू शिवनगर में जमीन खरीद-बिक्री को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसमें करीब 72 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर तनाव बना हुआ था. इस मामले में उन्होंने राजकिशोर और मधु सोनकर पर संदेह जताया है. घटना के बाद आरपीएफ और जिला पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुट गयी है. पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि एक आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है. साथ ही घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. सिटी एसपी ललित मीणा ने कहा कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.



