रामगोपाल जेना / करायकेला : पश्चिम सिंहभूम के करायकेला स्थित पीएमश्री उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय में निर्माणाधीन नए स्कूल भवन का कार्य फरवरी माह से बंद पड़ा हुआ है. विद्यालय प्रबंधन के अनुसार वर्ष 2024 में स्थानीय विधायक सुखराम उरांव द्वारा भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया था, लेकिन संवेदक द्वारा कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है. विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने बताया कि स्कूल परिसर में बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री बिखरी हुई है, जिससे छात्रों को प्रतिदिन प्रार्थना सभा, खेलकूद एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. परिसर में जगह-जगह गिट्टी, बालू और अन्य सामग्री रखे होने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं पंचायत द्वारा विद्यालय परिसर में पेवर्स ब्लॉक लगाने का कार्य भी निर्माण सामग्री के कारण बाधित हो रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य बंद रहने से स्कूल परिसर अव्यवस्थित हो गया है. विद्यालय परिसर में समुचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या गंभीर रूप ले सकती है. पिछले वर्ष भी परिसर में पानी जमा होने से छात्रों और शिक्षकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था. इस वर्ष भी नाली निर्माण नहीं होने के कारण बरसात में जलजमाव की आशंका बनी हुई है. विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके.





