
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सटे पोटका थाना अंतर्गत नेतुसाई पुल के पास तीन अज्ञात अपराधियों ने बागबेड़ा के बोरा कारोबारी संजीत कुमार साहू से पिस्टल दिखाकर नकद और मोबाइल की लूट कर ली. घटना बुधवार देर शाम की है. घटना के बाद संजीत लोयाडीह होते हुए सुंदरनगर थाना पहुंच गया जहां से वह गुरुवार की दोपहर फिर से शिकायत करने पोटका थाना पहुंचा. घटना की जानकारी देते हुए संजीत ने पुलिस को बताया कि वह बोरा और कार्टन का कारोबार करता है. वह पोटका के धीरोल से बोरा खरीदकर एक ऑटो में लादकर वापस बागबेड़ा स्थित अपने घर जा रहा था. नेतुसाई पुल के पास एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात ने उन्हे ओवरटेक कर रोका. बाइक सवार दो युवक भाग गए जबकि एक युवक ने पिस्टल दिखाकर दो हजार रुपये और मोबाइल की लूट कर ली. इस मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में भी लिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.




