
जमशेदपुर : झारखंड क्षत्रिय संघ, महिला इकाई आदित्यपुर-1 और आदित्यपुर-2 के द्वारा शनिवार को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि मनायी गयी. इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। आज भारत में लेप्रोसी डे भी मनाया जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए क्षत्रिय महिला संघ की महिलाओं द्वारा अंत्योदय भवन ओल्ड एज होम नव जागृत मानव समाज देवकी कॉलोनी में कुष्ठ रोगियों के बीच उनके चिकित्सीय उपयोग की सामग्री बैंडेज, लोशन, कॉटन, शुगर एनालिसिस किट के साथ-साथ खाने की सामग्री वितरित की गई। सभी महिलाओं ने आगे भी इस तरह के सहयोग का भरोसा दिया तथा इस तरह के सामाजिक कार्य को आगे बढ़ाने का प्रण लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व आदित्यपुर-1 की अध्यक्ष तृप्ति सिंह और आदित्यपुर-2 की अध्यक्ष सुजाता सिंह ने किया। कार्यक्रम में क्षत्रिय महिला संघ अध्यक्ष डॉ कविता परमार और महासचिव मंजू सिंह की भी भागीदारी रही। साथ ही बबीता सिंह, संध्या सिंह, अंजू सिंह, श्वेता सिंह, संगीता सिंह, प्रतिभा सिंह, विद्या सिंह, निक्की सिंह, सुमन सिंह और पूनम सिंह का भी सहयोग रहा तथा ये सभी महिलाएं उपस्थित थीं। (नीचे भी पढ़ें)

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जोनल को-ऑर्डिनेटर अशोक चौधरी, विशिष्ट अतिथि रियाजुद्दीन खान ने महात्मा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर नमन किया। कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया। अतिथियों और कांग्रेसजनों का स्वागत ब्रजेन्द्र तिवारी ने किया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अशोक चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी अद्भुत महापुरुष थे, गाँधी जी सत्य के प्रति निष्ठावान रहे। समाज के अंदर की कुरीतियों को दूर करने के लिए बड़े बदलाव किए। संसार में सत्याग्रह का मार्ग बताया। सभा में महत्वपूर्ण विचार रखते हुए प्रदेश को-ऑर्डिनेटर अनुशासन समिति रियाजुद्दीन खान, प्रभात रंजन श्रीवास्तव, एलबी सिंह, प्रिंस सिंह, ऊषा यादव, समरेन्द्र नाथ तिवारी, अमरजीत नाथ मिश्रा ने कहा कि महात्मा गाँधी ने हमलोगों को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया, राष्ट्रीयता को एक सूत्र में पिरोया, गरीबों को सहारा दिया। भारतीयों के शोषण के खिलाफ बिगुल फूंका। अंग्रेजों के अत्याचार की खिलाफत की। गाँधी जी ने किसानों, लाचारों और गरीबी को देखते हुए अपने शरीर से महंगे कपड़ों, कोट टाई, पैंट, बूट को त्याग कर सिर्फ एक धोती धारण कर सम्पूर्ण भारत में स्वतंत्रता का अलख जगाया। महात्मा गांधी ने भारत में निवास करने वाले एक-एक भारतीय के सम्मान को प्रतिष्ठित कराया। कार्यक्रम में कमलेश कुमार पांडेय, अशोक सिंह, अनन्तलाल, उपेन्द्र नाथ वर्मा, एस आर के कमलेश, विपिन बिहारी, नवीन मिश्रा, मौलाना अंसार खान, मो शब्बीर लालबाबू, डॉ संजय, कविता वर्मा, इंतेखाब व अन्य उपस्थित थे। (नीचे भी पढ़ें)

देश बचाओ संविधान बचाओ संस्था : महात्मा गांधी की 72 वी पुण्यतिथि पर देश बचाओ संविधान बचाओ संस्था की ओर से जमशेदपुर के भगवान बिरसा मुंडा गोलचक्कर के समीप एक श्रद्धांजलि सभा के बाद संविधान बचाओ देश बचाओ के नारे के साथ देश के वर्तमान हालात पर केंद्र सरकार की नीतियों एवं सिद्धांतों के प्रति नाराजगी प्रकट की गई. जानकारी देते हुए संस्था के अध्यक्ष कांग्रेसी नेता बलदेव सिंह ने देश में गिरते कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार एवं सुप्रीम कोर्ट से संविधान बचाने की अपील की.




