जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया और ब्रेन मलेरिया के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग का जांच और उपचार अभियान लगातार जारी है. शनिवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में 15,505 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिनमें 110 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले 14 दिनों में जिले में कुल 1,826 मलेरिया के मरीज सामने आ चुके हैं. अब तक 93,275 लोगों की जांच की जा चुकी है. इनमें 1,441 मरीज ब्रेन मलेरिया (फाल्सीपेरम) और 338 मरीज सामान्य मलेरिया (विवैक्स) से संक्रमित पाए गए हैं, जबकि शेष मरीज अन्य श्रेणियों में शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जिले में सबसे अधिक 634 मरीज पोटका प्रखंड में मिले हैं. इसके अलावा डुमरिया में 421, मुसाबनी में 332, घाटशिला में 199 और पटमदा में 100 मरीजों की पुष्टि हुई है. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सभी संक्रमित मरीजों का इलाज महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल, परसुडीह सदर अस्पताल और जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में किया जा रहा है. संक्रमण पर जल्द नियंत्रण पाने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मलेरिया जांच, दवा वितरण, फॉगिंग तथा जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. विभाग ने लोगों से बुखार आने पर तुरंत जांच कराने, मच्छरदानी का उपयोग करने और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है.





