
जमशेदपुर : नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति जमशेदपुर के तत्वावधान में राजभाषा की समीक्षा बैठक का आयोजन पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया रामचंद्रपुर, गम्हरिया में किया गया। इस बैठक में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति जमशेदपुर सह सीएसआईआर- राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला के निदेशक डॉ इंद्रनील चट्टोराज, सीआईएसफ के प्रमुख वरिष्ठ कमांडेंट हरिओम गांधी, जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन, सीआरपीएफ के डीआईजी आशु शुक्ल, एनआईटी के निदेशक करुणेश कुमार शुक्ल, एनसीसी के प्रमुख कर्नल शांडिल्य, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रमुख कर्नल संजय कपूर, यूसीआईएल जादूगोड़ा के महाप्रबंधक संजय शर्मा, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के प्रमुख राजेश कुमार सैनी तथा उप प्रमुख कुमार आदर्श तथा नराकास के सदस्य सचिव डॉक्टर पुरुषोत्तम कुमार एवं नगर के विभिन्न कार्यालयों के प्रमुख इस बैठक में उपस्थित थे। समीक्षा बैठक में सभी कार्यालयों द्वारा राजभाषा के कार्य संपादन की सिलसिलेवार प्रस्तुति की गई और यह प्रशंसा जताई गई कि पावर ग्रिड कॉरपोरेशन द्वारा राजभाषा का कार्यान्वयन व्यवहारिक स्तर पर सफलतापूर्वक निष्पादित किया जा रहा है। एनआईटी जमशेदपुर के कार्य की भी प्रशंसा की गई, उन्होंने 6 दिनों की राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन सफलतापूर्वक किया। इस समीक्षा बैठक में डीआईजी सीआरपीएफ के कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की गई। सीआईएसफ तथा यूसीआईएल द्वारा किए जा रहे कार्यों को विशेष रूप से सराहा गया। राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठी, कार्यशाला के आयोजन के साथ साथ नराकास के तत्वावधान में सीआईएसफ के वरिष्ठ कमांडेंट हरिओम गांधी की प्रेरणा और सहयोग से 25000 पौधे लगाए गए। बैठक के आयोजन के लिए पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, रामचंद्रपुर गम्हरिया की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए अध्यक्ष महोदय ने राजेश कुमार सैनी तथा पावर ग्रिड के सभी कार्मिकों को बधाई दी। नराकास के तत्वावधान में पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया रामचंद्रपुर गम्हरिया द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा।





