
जमशेदपुर : कोरोना का तीसरी लहर सामने है और प्रतिदिन कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। उधर कोरोना की दूसरी लहर में काम करने वाले एमजीएम अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी प्रोत्साहन राशि को लेकर सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। एमजीएम अस्पताल के सभी सफाइकर्मी और आउटसोर्स कर्मियों ने एमजीएम अस्पताल में जोरदार प्रदर्शन किया और स्वास्थ्य मंत्री के नाम एक पत्र सौंपा है। उन्होंने कहा है कि सरकार ने दूसरी लहर में सभी स्वास्थ्य कर्मियों को एक महीने की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया था, लेकिन सरकार ने स्थाई कर्मियों को प्रोत्साहन राशि दे दिया और आउटसोर्स कर्मियों को अब तक प्रोत्साहन राशि नहीं मिली है। इन लोगों ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के अंदर सरकार ने निर्णय नहीं लिया तो जोरदार आंदोलन होगा।





