
जमशेदपुर : कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम अस्पताल में एकबार फिर से स्वास्थ्य सेवा चरमरा सकती है. आपको बता दें कि अस्पताल में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने बकाया वेतन की मांग को लेकर अस्पताल के अधीक्षक का घेराव कर दिया. हालांकि अधीक्षक ने दस दिनों की मोहलत मांगते हुए कर्मियों को काम जारी रखने की बात कही है. वैसे कर्मियों ने अधीक्षक के आश्वासन पर काम जारी रखा है. वैसे इन्होंने दस दिनों के बाद पुनः आंदोलन की चेतावनी दी है. वहीं दस दिनों में अगर इनके बकाए वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है तो आनेवाले दिनों में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा सकती है. आपको बता दें कि अस्पताल में आउटसोर्सिंग का ठेका शिवा प्रोटेक्शन के जिम्मे है और आए दिन यहां के कर्मचारियों के समक्ष वेतन विसंगति की समस्या बनी रहती है.






