जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदनी चौक के पास देर रात एक कंक्रीट मिक्सर मशीन अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क के बीचों-बीच पलट गई. घटना के बाद सुबह के समय राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़क पर मशीन पलटी रहने से काफी देर तक आवागमन बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में एक मकान की ढलाई का कार्य पूरा होने के बाद ट्रैक्टर के माध्यम से कंक्रीट मिक्सर मशीन को वापस ले जाया जा रहा था. इसी दौरान चांदनी चौक के पास सड़क के एक ओर अधिक झुकाव होने से मशीन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई. (नीचे भी पढ़ें)
गनीमत रही कि ढलाई का कार्य समाप्त होने के कारण सभी मजदूर पहले ही वहां से जा चुके थे. इससे बड़ा हादसा टल गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद जिम्मेदार ठेकेदार मशीन को सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। सुबह के व्यस्त समय में सड़क पर मिक्सर मशीन पड़े रहने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द मशीन हटाकर यातायात सुचारु कराने और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.




