
जमशेदपुर : कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल की दशा सुधारने को लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के निर्देश पर सरकारी एनजीओ आरोग्यम की सात सदस्यीय टीम मंगलवार को एमजीएम अस्पताल पहुंची. जहां इनके द्वारा अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया गया. साथ ही इमरजेंसी एवं रजिस्ट्रेशन विभाग की भी गहनता से जांच की गयी. टीम में डॉक्टर भी शामिल थे. उनके द्वारा अस्पताल में इलाज औऱ उपचार की प्रणाली का भी मुआयना किया गया.
वहीं इस संबंध में टीम के सदस्यों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही कुछ भी बता पाएंगे. हालांकि, उनके द्वारा इतना जरूर कहा गया कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर वे लोग यहां आए हैं. रिपोर्ट उन्हें सौंपा जाएगा. आपको बता दें कि मंत्री बनने के बाद बन्ना गुप्ता लगातार एमजीएम अस्पताल की व्यवस्था को सुधारने की दिशा में काम कर रहे हैं. हालांकि, अस्पताल आए दिन सुर्खियों में बना हुआ है. दूसरी ओर, एमजीएम अस्पताल के कर्मचारियोंकी मंगलवार की दोपहर से शुरू होने वाली हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है.

बताया जाता है कि मंत्री बन्ना गुप्ता ने खुद इस मामले में पहल की है और कहा है कि वे खुद मामले को देखकर उनको न्याय दिलायेंगे. वेतन, बोनस, पीएफ, इएसआइसीस समेत तमाम सुविधा दिलाने के लिए समय मांगा है और निश्चित तौर पर उनकी समस्या का निराकरण होगा. इस मामले में अस्पताल के अधीक्षक को कार्रवाई करते हुए समस्या का निराकरण करने का निर्देश भी मंत्री ने दिया, जिसके बाद आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है.






