जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है. मानगो नगर निगम के तहत डिमना स्थित अस्पताल के लिए शंकोसाई श्यामनगर में स्वर्णरेखा नदी पर बने इंटेकवेल से जलापूर्ति योजना का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया. ट्रायल के दौरान इंटेकवेल से कॉलेज परिसर स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) तक पानी पहुंच गया. हालांकि, पाइपलाइन में चार स्थानों पर लीकेज की समस्या सामने आई. इनमें शंकोसाई नंबर-1 क्षेत्र में तीन और डिमना के स्मार्ट बाजार के पास एक स्थान पर पानी का रिसाव पाया गया. ट्रायल के बाद निर्माण एजेंसी मदन लाल बजाज कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड ने सभी लीकेज वाले स्थानों पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

अधिकारियों के अनुसार अगले तीन दिनों के भीतर मरम्मत पूरी कर ली जाएगी. यह ट्रायल पहले 15 जुलाई को होना था, लेकिन ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध नहीं होने, लो वोल्टेज की समस्या और पाइपलाइन के ज्वाइंट व बैंड वाले हिस्सों की ढलाई पूरी तरह सूखने में समय लगने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था. बाद में एजेंसी ने डीजल जनरेटर (डीजी) की मदद से सफलतापूर्वक परीक्षण पूरा किया. यदि शेष कार्य समय पर पूरे हो गए, तो अगले महीने 15 अगस्त तक इस बहुप्रतीक्षित जलापूर्ति योजना का उद्घाटन कर एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी. इससे लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे अस्पताल को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.







